SHIVPURI NEWS-चलते ट्रक में लगी भीषण आग: गेहूं से भरा वाहन राख, चालक मौके से फरार

शिवपुरी। जिले के पिछोर-चंदेरी मार्ग पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब गेहूं से भरे ट्रक में अचानक भीषण आग भड़क उठी। नया चौराहा के पास लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें भरा सारा गेहूं जलकर खाक हो गया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे मामले में संदेह भी गहराने लगा है।
पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। अचानक ट्रक में आग लगने से मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दो दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात फिर से शुरू हो सका।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक डबरा निवासी कपिल भार्गव का बताया जा रहा है, जो मुंगावली से गेहूं लोड कर डबरा जा रहा था। आग लगने के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं—तकनीकी खराबी या कोई अन्य वजह, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
