सिकंदरा बेरियर पर बस चालक से मारपीट, श्रद्धालुओं ने एनएच-27 पर किया चक्काजाम, 4 पर FIR

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरा बेरियर पर सोमवार देर रात एक बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के सिहोरी जिले से श्रद्धालुओं को लेकर चित्रकूट से लौट रही बस को देर रात करीब डेढ़ बजे कुछ अज्ञात लोगों ने बेरियर पर रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने चालक लाखाराम से दो हजार रुपये की मांग की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दी।
घटना से आक्रोशित बस में सवार श्रद्धालुओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान बेरियर पर तैनात स्टाफ ने घटना से अपना कोई संबंध होने से इनकार किया। यात्रियों और बेरियर प्रभारी सुमन दीक्षित के बीच कुछ समय के लिए बहस भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मौके पर पहुंचे एसडीओपी आयुष जाखड़ ने यात्रियों को समझाइश देकर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने दिनारा थाने में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि 8-9 अप्रैल की रात भी इसी बेरियर पर मारपीट और छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी, जिसमें पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
