1000554338

कलेक्टर ने कोलारस एवं बदरवास में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

1000554338

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा मंगलवार को कोलारस एवं बदरवास क्षेत्र में स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कलेक्टर वर्मा ने निरीक्षण की शुरुआत एसडीएम कार्यालय कोलारस से की। इसके पश्चात तहसील कार्यालय कोलारस का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं डायवर्सन की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोलारस का निरीक्षण किया। उन्होंने जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। प्रसूति वार्ड में पहुंचकर प्रसूताओं एवं उनके परिजनों से आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्र परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केन्द्र का भी निरीक्षण किया तथा वहां भर्ती बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित हितग्राहियों से मिल रही सेवाओं के संबंध में चर्चा की तथा स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध दवाओं एवं टीकाकरण, विशेष रूप से एंटी रैबीज एवं एचपीवी वैक्सीन की उपलब्धता की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बदरवास तहसील कार्यालय का भी दौरा किया, जहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं मीटिंग हॉल पर आवश्यक नाम पट्टिका स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर एसडीएम कोलारस अनूप श्रीवास्तव, तहसीलदार कोलारस, बीएमओ संजय राठौर सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *