भीषण आग से 25 किसानों की मेहनत राख, 80–90 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक

शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील के इमलिया गांव में शनिवार शाम एक भीषण आगजनी की घटना ने किसानों की महीनों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। खेतों में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 25 किसानों की 80 से 90 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस हादसे में किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों में अचानक आग भड़क उठी और तेज हवा के कारण वह तेजी से आसपास के खेतों में फैलने लगी। कुछ ही समय में आग ने इतना भयानक रूप ले लिया कि उसे काबू करना मुश्किल हो गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। ट्रैक्टरों से खेतों की जुताई कर आग को रोकने की कोशिश की गई, वहीं दवा छिड़कने वाली मशीनों से भी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन पानी की कमी के चलते आग को तुरंत नियंत्रित नहीं किया जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दी, जिस पर नरवर तहसीलदार और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ग्राम सरपंच शैलेन्द्र इंदर सिंह रावत ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि उनकी खुद की करीब 8 बीघा फसल भी इस आग में जल गई। वहीं अंतराम कोली, संजय रावत, राजू रावत, गणेश रावत, बंटी रावत, श्रीचंद्र रावत, जीमा कोली, परमा कोली, बाबू कोली, रामराश रावत और प्राण सिंह परिहार समेत करीब 25 किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।
इस घटना के बाद गांव में मायूसी का माहौल है। प्रभावित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग करते हुए जल्द राहत पहुंचाने की अपील की है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके।
