तेज रफ्तार कार ने भैंसों के झुंड को मारी टक्कर, 2 की मौत, बाराती मौके से फरार

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे भैंसों के झुंड को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, टुकी गांव निवासी किसान पूरन कुशवाह शनिवार रात अपनी भैंसों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नरवर-शिवपुरी मार्ग पर टुकी नानकपुर और टपकेश्वर महादेव मंदिर के बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो बुरी तरह घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग बारात लेकर शिवपुरी जा रहे थे। हादसे के बाद चालक सहित सभी बाराती मौके से फरार हो गए, जिससे किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त कार (MP33 CA 0426) नरवर निवासी रामकिशन चौरसिया के नाम पर पंजीकृत है।
थाना प्रभारी विनय यादव के अनुसार, किसान पूरन कुशवाह की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश में जुटी है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
