झांकी देखने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे के मानीपुरा इलाके में झांकी देखने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। शिकायतों के आधार पर कोलारस थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर तक पहुंचकर मारपीट करने का आरोप
मानीपुरा निवासी आकाश कुशवाह ने पुलिस को बताया कि वह झांकी देखने गया था। वहां बृजेश कुशवाह, बनवारी कुशवाह और सोनू कुशवाह ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद आकाश अपने घर लौट आया।
आकाश के अनुसार, कुछ देर बाद तीनों उसके घर के सामने पहुंच गए और उसके साथ मारपीट की। इस घटना में उसकी बाईं आंख, मुंह और सिर में चोटें आईं। उसकी मां उमा कुशवाह और प्रवीण जोगी ने बीच-बचाव किया। आकाश ने आरोप लगाया कि जाते समय उसे चाट का ठेला लगाने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
वहीं, कोलारस के तिवारी मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय बृजेश कुशवाह ने भी पुलिस को अपनी शिकायत दी। बृजेश के मुताबिक, वह मानीपुरा में झांकी देखने गया था, जहां मनोज कुशवाह, आकाश कुशवाह और मोतीलाल जाटव के छोटे बेटे ने पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज की।
बृजेश का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ थप्पड़ और लात-घूंसों से मारपीट की गई। इस दौरान रामेश्वर जाटव और रमेश जाटव ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर कोलारस थाना पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
