swatantrashivpuri 39

तीन दिन से लापता युवक का नहीं मिला सुराग, सिंध नदी में तलाश के बाद भी खाली हाथ लौटी टीम

swatantrashivpuri 39

शिवपुरी। जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के पचावला गांव से लापता गिर्राज दांगी का मंगलवार सुबह तक कोई पता नहीं चल सका है। वह रविवार सुबह भैंस चराने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार को सिंध नदी के किनारे उसका मोबाइल मिलने के बाद नदी में डूबने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस और आपदा मित्रों की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

बेटे के लापता होने से परिवार का बुरा हाल है। उसके पिता मालम सिंह ने वीडियो जारी कर बेटे से घर लौट आने की भावुक अपील की है।

भैंस चराने गया था युवक, नदी किनारे मिला मोबाइल

जानकारी के अनुसार, गिर्राज दांगी पुत्र मालम सिंह रविवार सुबह करीब 8 बजे भैंस चराने निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

सोमवार को सिंध नदी के किनारे गिर्राज का मोबाइल मिला। इसके बाद उसके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। सूचना पर रन्नौद थाना पुलिस और आपदा मित्र वॉलेंटियर टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद अभियान रोक दिया गया। मंगलवार सुबह तक भी उसकी तलाश जारी रहने के बावजूद कोई जानकारी सामने नहीं आई थी।

पांच बहनों का इकलौता भाई है गिर्राज

गिर्राज पांच बहनों का इकलौता भाई है। उसके अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंता में है। पिता मालम सिंह ने वीडियो के जरिए बेटे से घर लौट आने की अपील की है।

उन्होंने भावुक होकर कहा कि बेटा घर वापस आ जाए, उससे कोई कुछ नहीं कहेगा। यदि उसे पैसों की जरूरत है, तो वे उसकी जरूरत भी पूरी करने को तैयार हैं। पिता की इस अपील के बीच परिवार को गिर्राज के सुरक्षित वापस लौटने की उम्मीद है।

तलाशी अभियान में आपदा मित्रों की टीम रही शामिल

सिंध नदी में चलाए गए तलाशी अभियान में आपदा मित्र मुकेश मांझी, संजीव मांझी, धर्मेंद्र मांझी, ऋषि केवट, सतीश परिहार, हरिओम धाकड़, चंद्रशेखर मांझी, रघुनंदन केवट, गौरव मांझी, सालू मांझी और उदयभान राठौड़ शामिल रहे।

काफी तलाश के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। फिलहाल गिर्राज के लापता होने की गुत्थी अनसुलझी है और परिवार उसके सुरक्षित मिलने की आस लगाए बैठा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *