माता विसर्जन जुलूस में डीजे वाहन की टक्कर से महिला की मौत

शिवपुरी। जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र के सरखंडी गांव में मंगलवार सुबह माता विसर्जन के जुलूस के दौरान हादसा हो गया। जुलूस में शामिल डीजे वाहन की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला की जान चली गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जुलूस के दौरान पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, सरखंडी गांव के ग्रामीण माता विसर्जन के लिए जुलूस लेकर नदी की ओर जा रहे थे। जुलूस में डीजे वाहन भी शामिल था और उस पर माता के भजन बज रहे थे। ग्रामीण भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान डीजे वाहन की चपेट में मथुरा आदिवासी (55), पत्नी केसरिया आदिवासी, आ गईं।
आरोप है कि वाहन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मथुरा सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के बाद परिजन महिला को बाइक से खरई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। परिजन मथुरा को शिवपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
महिला की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
