SHIVPURI NEWS-सिकंदरा बैरियल से लूट, मारपीट, तोड़फोड़ के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी। जिले की दिनारा थाना पुलिस ने लूट के एक गंभीर मामले में तत्परता दिखाते हुए सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को सिकंदरा बैरियल, दिनारा निवासी फरियादिया ने थाना दिनारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ आरोपियों ने रात के समय उनके शासकीय आवास में जबरन घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की। आरोपियों ने घर में रखे सामान और नगदी लूट ली। साथ ही अन्य आरोपियों ने वहां मौजूद कर्मचारी चंदन गुप्ता के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की।
पुलिस टीम ने 11 अप्रैल 2026 को आरोपियों के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी और सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजगुरु उर्फ छोटू यादव, सोना उर्फ ऋषभ यादव, सहदेव यादव, महेन्द्र यादव, दीपक उर्फ भईयन, कुंदन यादव, विक्की केवट और अनिल उर्फ बल्लू यादव शामिल हैं, जो सभी ग्राम दिनारा, जिला शिवपुरी के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया माल भी जब्त कर लिया है और उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरीक्षक विनोद छावई, चौकी प्रभारी हिम्मतपुर धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, चौकी प्रभारी सुनारी चेतन शर्मा, थाना प्रभारी सुरवाया अरविंद्र छारी, थाना प्रभारी अमोला अंशुल गुप्ता सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
