image 29

SHIVPURI NEWS-बदरवास में शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, TIT अनिवार्यता के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

image 29

शिवपुरी। जिले के बदरवास में शनिवार शाम शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने ब्लॉक परिसर में रैली निकालकर मानव श्रृंखला बनाई और नारेबाजी करते हुए तहसीलदार सचिन भार्गव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने टीईटी से संबंधित जारी आदेश को तत्काल वापस लेने और राज्य सरकार से उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर करने की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व प्रांतीय शिक्षक संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद अवस्थी, कार्यकारिणी सदस्य मनीष बैरागी, महेंद्र गुप्ता, कपिल परिहार, अजय यादव और लक्ष्मण सिंह यादव ने किया। शिक्षकों ने कहा कि पहले से निर्धारित योग्यताओं के आधार पर नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता थोपना उनके सम्मान और अधिकारों के खिलाफ है।

प्रदर्शन के दौरान टीईटी का काला कानून वापस लो और शिक्षकों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारे गूंजते रहे। साथ ही शिक्षकों ने नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत और प्रतिस्पर्धा के बाद अपनी योग्यता साबित की है, लेकिन वर्तमान नीतियों के कारण उनके साथ भेदभाव हो रहा है। उनका कहना है कि वर्ष 2010 में लागू आरटीई एक्ट के तहत टीईटी की अनिवार्यता जोड़ी गई थी, जिसे पहले से कार्यरत शिक्षकों पर लागू करना उचित नहीं है।

आंदोलनकारी शिक्षकों ने शासन से मांग की कि टीईटी अनिवार्यता का आदेश जल्द निरस्त किया जाए और पुनर्विचार याचिका दायर की जाए। साथ ही नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता लागू कर उनकी 15 से 20 वर्षों की सेवा का उचित मूल्यांकन किया जाए। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *