image 27

शादी वाले घर में पुलिस का तांडव! दुल्हन और विकलांग विधवा माँ को बनाया बंधक, नाना पहुंचे SP के पास

image 27

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना पुलिस की एक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एक तरफ जहाँ घर में नातिन के हाथ पीले करने की तैयारियां चल रही हैं, वहीं पुलिस ने होने वाली दुल्हन, उसकी विकलांग विधवा माँ और नानी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को थाने में बैठा लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित बुजुर्ग नाना ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

मामला सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम चक्क बिजरावन का है। यहाँ के निवासी रामवीर रावत ने बताया कि उनकी विकलांग एवं विधवा पुत्री किरण रावत की बेटी (मुस्कान) की शादी आगामी 20 अप्रैल को होनी तय है। घर में मांगलिक गीतों और खुशियों का माहौल था, लेकिन शनिवार सुबह 7-8 बजे पुलिस अचानक घर पहुंची और सोते हुए सदस्यों को उठाकर थाने ले आई।

पीड़ित रामवीर के अनुसार, जब उन्होंने पुलिस से इस कार्रवाई का कारण पूछा, तो बताया गया कि उनके परिवार का एक लड़का नीतेश रावत करीब 3-4 महीने पहले किसी लड़की को लेकर भागा है। पुलिस का कहना है कि जब तक नीतेश को पेश नहीं किया जाता, तब तक परिवार के इन सदस्यों को नहीं छोड़ा जाएगा। बुजुर्ग नाना का कहना है कि उन्हें नीतेश के बारे में कोई जानकारी नहीं है और पुलिस को अपराधी के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए, न कि निर्दोष महिलाओं और बच्चों को प्रताड़ित करना चाहिए।

पीड़ित परिवार ने एसपी को सौंपे आवेदन में बताया कि थाने में मुस्कान (होने वाली दुल्हन), किरण रावत (विकलांग विधवा माँ), नानी गिन्नीबाई और दो भाइयों (कुलदीप व राजा) को बैठाकर रखा गया है। रामवीर रावत ने आशंका जताई है कि यदि पुलिस ने उनके परिवार को नहीं छोड़ा, तो शादी की व्यवस्थाएं ठप हो जाएंगी। साथ ही, यदि लड़के पक्ष (ससुराल) को इस पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगी, तो नातिन का रिश्ता टूटने की नौबत आ सकती है।

शादी की खुशियों के बीच पुलिस के इस व्यवहार से पूरा परिवार दहशत में है। रामवीर रावत ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि उनके परिवार के निर्दोष सदस्यों को सिरसौद थाने से तुरंत छुड़वाया जाए और पुलिस को पाबंद किया जाए कि वे शादी वाले घर में इस तरह की बाधा उत्पन्न न करें।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *