छत्री रोड पर्यटक स्वागत केन्द्र की दुकानों पर बकाया पर कलेक्टर ने दिए वसूली के निर्देश, 15 दिन में भुगतान अनिवार्य

शिवपुरी। शहर के छत्री रोड स्थित पर्यटक स्वागत केन्द्र परिसर की दुकानों का वर्षों से बकाया किराया जमा न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डीएटीसीसी) के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने राजस्व की हानि को गंभीरता से लेते हुए बकाया राशि की तत्काल वसूली के निर्देश दिए हैं।
पर्यटक स्वागत केन्द्र के संचालन और संधारण का दायित्व अब जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डीएटीसीसी) शिवपुरी को सौंपा गया है। इस परिसर में कुल 22 दुकानें, एक खुला रंगमंच और एक कैंटीन शामिल है। पूर्व में इसका प्रबंधन नगरपालिका परिषद शिवपुरी के पास था। हस्तांतरण के दौरान यह सामने आया कि आवंटित 9 दुकानों का प्रीमियम और मासिक किराया विगत कई वर्षों से जमा नहीं किया गया है, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
इन 9 दुकानदारों पर बकाया है लाखों की राशि
प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, बकायादारों में मुख्य रूप से ये नाम शामिल हैं:
- रेखा दीक्षित (दुकान क्र. 03): ₹1,16,151
- पूजा श्रीवास्तव (दुकान क्र. 22): ₹1,16,151
- हेमन्त राठौर (दुकान क्र. 09): ₹1,10,823
- हेमन्त अग्रवाल (दुकान क्र. 14): ₹1,10,823
- कृष्णा देवी (दुकान क्र. 20): ₹1,10,823
- कपिल मनोचा (दुकान क्र. 07): ₹94,839
- सलीम खान (दुकान क्र. 10): ₹34,899
- सौरभ ट्रेडर्स (दुकान क्र. 19): ₹33,567
- बृजेश सिंह तोमर (दुकान क्र. 21): ₹33,567
15 दिन की मोहलत, वरना होगी वैधानिक कार्रवाई
नोडल अधिकारी, डीएटीसीसी शिवपुरी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित दुकानदार सूचना पत्र प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीएटीसीसी कार्यालय में संपर्क कर बकाया राशि जमा कराएं। भुगतान के संबंध में अधिक जानकारी के लिए लेखापाल आर.पी. सिंह कुशवाह (मो. नं. 9301541706) से संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में राशि जमा नहीं की गई, तो दुकानों का आवंटन निरस्त करने सहित अन्य वैधानिक और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
