swatantra shivpuri 35

अजय सिंह कुशवाह बने राष्ट्रीय भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति के मध्यप्रदेश महासचिव, दुर्गेश सिंह सेंगर ने सौंपा प्रदेश का प्रभार

swatantra shivpuri 35

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता अजय सिंह कुशवाह को राष्ट्रीय भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति, दिल्ली का मध्यप्रदेश का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। यह महत्वपूर्ण नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गेश सिंह सेंगर द्वारा राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद कुमार शर्मा की सहमति से की गई है। कुशवाह को इस पद के साथ ही समिति के मध्यप्रदेश के संपूर्ण प्रभार का दायित्व भी सौंपा गया है।

जानकारी के अनुसार अजय सिंह कुशवाह की नियुक्ति करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष दुर्गेश सिंह सेंगर ने सोशल मीडिया पर इसकी आधिकारिक जानकारी साझा की और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समिति मध्यप्रदेश में अपने उद्देश्यों को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उल्लेखनीय है कि कुशवाह इससे पूर्व पत्रकारों के संगठन जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (जंप) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सफलता पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उनके लंबे सांगठनिक और सामाजिक अनुभव का लाभ समिति को मिलेगा।

राष्ट्रीय भ्रष्टाचार उन्मूलन समिति के कार्यों एवं उद्देश्यों में मुख्य रूप से भ्रष्टाचार के विरुद्ध कानूनी लड़ाई लड़ना, भय एवं नशामुक्त समाज का निर्माण कार्य करना, लोगों को उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर एक सशक्त समाज का निर्माण करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, समिति सूचना के अधिकार (RTI) पर कार्य करते हुए सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों का प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर देती है। कुशवाह का कार्य क्षेत्र अब संपूर्ण प्रदेश रहेगा और वे इन सभी उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करेंगे।

अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए अजय सिंह कुशवाह ने कहा है कि वे इस नवीन दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि जल्दी ही राष्ट्रीय नेतृत्व से चर्चा कर प्रादेशिक कार्यकारिणी का गठन किया जायेगा तथा प्रदेश के सभी संभागों और जिला स्तर पर मजबूत, सक्रिय और सशक्त कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ एक प्रभावी आंदोलन खड़ा किया जा सके।

अजय सिंह कुशवाह की इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति की जानकारी मिलते ही उनके शुभचिंतकों, इष्टमित्रों, पत्रकार साथियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं हैं। उनकी नियुक्ति को मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार उन्मूलन के अभियान के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *