किसानों के हक में कांग्रेस का हल्लाबोल, माधव चौक पर जोरदार प्रदर्शन कर घेरा शासन

शिवपुरी। प्रदेशव्यापी किसान आंदोलन की गूंज गुरुवार को शिवपुरी जिला मुख्यालय पर भी सुनाई दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए माधव चौक चौराहे पर जंगी प्रदर्शन किया। दोपहर 1 बजे से शुरू हुए इस धरने में जिले भर से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तत्काल राहत की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गेहूं उपार्जन की तिथियों को बार-बार आगे बढ़ाकर किसानों के साथ छलावा किया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण जिले का किसान अपनी खून-पसीने की उपज को 2000 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल के कम दाम पर निजी व्यापारियों को बेचने को मजबूर है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पड़ोसी राज्यों में खरीदी सुचारू रूप से चल रही है, तो मध्य प्रदेश में किसानों को परेशान क्यों किया जा रहा है?
दोपहर करीब 3 बजे एसडीएम आनंद राजावत धरना स्थल पर पहुंचे, जिन्हें कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी गई हैं जिनमें गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित हो। किसानों से बैंक ऋण वसूली की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाए। संकट का सामना कर रहे डिफॉल्टर किसानों के लिए विशेष राहत योजना आए। उपार्जन की तारीखों के साथ बार-बार होने वाले फेरबदल को बंद किया जाए। किसानों को कम दाम पर फसल बेचने से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम हों।
इस प्रदर्शन में किसान कांग्रेस, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सक्रिय रहे। मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यह धरना तो महज एक संकेत है; यदि शासन-प्रशासन ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया और गेहूं की खरीदी शुरू नहीं की, तो कांग्रेस पूरे जिले में उग्र आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त हुआ, लेकिन कार्यकर्ताओं का आक्रोश बरकरार दिखा।
