लूट के माल को लेकर लूटमार! सिकंदरा बैरियल पर पुराने बनाम नए कटरों की जंग, अवैध वसूली के पैसों के लिए महिला TSI पर हमला, DVR भी ले उड़े बदमाश

सतेन्द्र उपाध्याय@शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना अंतर्गत सिकंदरा परिवहन चेक पोस्ट पर बुधवार की रात जो हुआ, उसने न केवल कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हैं, बल्कि परिवहन विभाग के काले कारनामों की कलई भी खोल दी है। बदमाशों ने सिकंदरा चेक पोस्ट प्रभारी (महिला टीएसआई) के कमरे में घुसकर न केवल उनके साथ अभद्रता और मारपीट की, बल्कि लूटपाट कर जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि, इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की असली कहानी खाकी के सम्मान की नहीं, बल्कि वसूली के साम्राज्य पर कब्जे की बताई जा रही है।
पीड़ित महिला सब इंस्पेक्टर के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे जब वह अपने कार्यालय के पास स्थित कमरे में थीं, तभी बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने उनके साथ जमकर अभद्रता की, छेड़छाड़ की और बेल्टों से उनकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आए स्टाफ को भी लहूलुहान कर दिया गया। बदमाश इतने शातिर थे कि सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) उखाड़ ले गए, साथ ही 12 हजार रुपए नकद और पीओएस मशीन भी लूट ली। जाते-जाते उन्होंने कमरे में लगी टीवी तोड़ दी और दहशत फैलाते हुए फरार हो गए।
अवैध वसूली का अड्डा बना सिकंदरा चेक पोस्ट: पुराने बनाम नए कटरों की जंग
इस पूरी वारदात के पीछे का सबसे बड़ा और तीखा पहलू ‘अवैध वसूली’ है। सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं की मानें तो सिकंदरा चेक पोस्ट लंबे समय से अवैध वसूली का सुरक्षित अड्डा बना हुआ है। यहाँ हर गुजरते वाहन से अवैध रूप से एंट्री के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है। सूत्रों का दावा है कि यह हमला उन पैसों के बंटवारे या वसूली के अधिकार को लेकर हुआ है पहले यहाँ दूसरे गुंडों (पुराने कटरों) के जरिए वसूली कराई जाती थी। अब नए कटरों की एंट्री हो गई है, जिससे पुराने गुंडों का धंधा चौपट हो गया। माना जा रहा है कि इसी वर्चस्व की जंग में पुराने कटरों ने नए कटरों और चेक पोस्ट प्रभारी को सबक सिखाने के लिए यह हमला किया है।
पुलिस की सुस्ती पर सवाल: 2 किमी की दूरी तय करने में लगे घंटों!
हैरानी की बात यह है कि पुलिस थाना और चेक पोस्ट के बीच महज 2 किलोमीटर की दूरी है, इसके बावजूद पुलिस सही समय पर मौके पर नहीं पहुँची। घटना रात की है, लेकिन एफआईआर तब दर्ज हुई जब मामला कलेक्टर और एसपी के संज्ञान में आया। गुरुवार दोपहर 1:30 बजे पुलिस ने राजगुरु उर्फ छोटू यादव, सोना यादव समेत 8 नामजद और 2 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया।
एफआईआर में सत्य की कमी
पुलिस ने लूट, छेड़छाड़ और शासकीय कार्य में बाधा डालने की धाराओं में केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन एफआईआर में इस बात का जिक्र नहीं है कि आखिर हमला हुआ क्यों? आखिर बदमाशों की इस चेक पोस्ट से क्या दुश्मनी थी? यही वह बिंदु है जो अवैध वसूली और आपसी मिलीभगत के एंगल को पुख्ता करता है।
इनका कहना है
चेक पोस्ट पर हुई घटना में महिला अधिकारी के साथ मारपीट और लूटपाट हुई है। हमने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. आयुष जाखड़, एसडीओपी (IPS)
