image 22

मां-बेटे ने पड़ोसी महिला के सिर पर भगौनी से किया जानलेवा हमला, FIR दर्ज

image 22

शिवपुरी। खबर शहर की खाटू श्याम कॉलोनी से है। जहां महज ₹2000 के विवाद ने पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पैसों के लेन-देन को लेकर भड़के एक युवक और उसकी मां ने मिलकर पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर हमला बोल दिया। इस दौरान युवक ने आव देखा न ताव और घर से भगौनी लाकर महिला के सिर पर दे मारी। हमले में महिला लहूलुहान हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार घटना 8 अप्रैल की शाम की बताई जा रही है। खाटू श्याम कॉलोनी निवासी रचना (34) पत्नी बंटी सैन अपने घर के बाहर खड़ी थीं। तभी उनके पड़ोस में रहने वाला विकास धाकड़ अपनी मां के साथ वहां पहुँचा। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच ₹2000 के लेन-देन को लेकर पुराना तनाव था। मौके पर पहुँचते ही आरोपियों ने रचना के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग शुरू कर दिया। जब महिला ने अपनी मर्यादा का हवाला देते हुए विरोध किया, तो विवाद हाथापाई तक पहुँच गया।

विवाद के दौरान गुस्साए विकास धाकड़ ने घर के अंदर से पीतल की भगौनी उठाई और रचना के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। प्रहार इतना घातक था कि रचना के माथे से खून की धार बह निकली और वे अचेत होकर गिर पड़ीं। उन्हें पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब तक आस-पास के लोग मदद को दौड़ते, आरोपी अंजाम भुगतने की धमकी देकर मौके से हट गए।

गंभीर हालत में पीड़िता रचना थाने पहुँचीं और अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी विकास धाकड़ और उसकी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से कॉलोनी में तनाव का माहौल है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *