ठेकेदार की लापरवाही ने ली युवक की जान: इंदार में निर्माणाधीन सड़क पर पड़े पत्थरों से टकराकर बाइक सवार की मौत

शिवपुरी। खबर जिले के इंदार थाना क्षेत्र से है। जहां विकास कार्यों में बरती जा रही घोर लापरवाही का एक दर्दनाक नतीजा सामने आया है। यहाँ सड़क पर बिना किसी सुरक्षा संकेत के छोड़े गए पत्थरों ने एक हँसते-खेलते परिवार का चिराग बुझा दिया। कुटवारा और चक्क गांव के बीच बुधवार शाम हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बागोरिया निवासी बबलू जाटव (25) बुधवार शाम करीब 6 बजे सब्जी खरीदकर वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह कुटवारा और चक्क गांव के बीच पहुँचा, सड़क पर बिछाए गए पत्थरों के कारण उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पत्थर सड़क पर इस तरह फैले हुए थे कि तेज रफ्तार में उन्हें देख पाना मुश्किल था। संतुलन बिगड़ने से बबलू सड़क पर सिर के बल गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को जिला अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर ‘सेफ्टी बोर्ड’ या चेतावनी संकेत न होने की पुरानी समस्या को फिर से उजागर कर दिया है।
वहीं स्थानीय रहवासियों कहना है कि ठेकेदार ने सड़क पर पत्थर तो डाल दिए, लेकिन न वहां कोई लाइट थी और न ही कोई रेडियम बोर्ड। यह हादसा नहीं, बल्कि सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही है।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर डायरी इंदार थाने को भेज दी है। पुलिस का कहना है कि सड़क निर्माण की शर्तों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के पहलुओं की जांच की जाएगी। वहीं, बबलू की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। अब देखना यह है कि क्या दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई होगी या यह फाइल भी अन्य हादसों की तरह दबकर रह जाएगी।
