swatantra shivpuri 26

बदरवास में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 12 घायल

swatantra shivpuri 26

शिवपुरी। खबर जिले के बदरवास थाना क्षेत्र से है। जहां एनएच-46 पर अटलपुर और बरखेड़ा गांव के बीच गुरुवार को एक यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुना से खनियाधाना की ओर जा रही पीतांबरा बस ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP33P0696 अटलपुर-बरखेड़ा के पास NH-46 पर सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। हादसे के तुरंत बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

बताया गया है कि दुर्घटना स्थल पर हाइवे पर रखरखाव का काम चल रहा था, जिसके कारण सड़क की केवल एक लेन ही यातायात के लिए खुली थी। दोनों दिशाओं का ट्रैफिक एक ही पट्टी से गुजरने की वजह से बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

इस हादसे में प्रसन बाई यादव, शिवम, रामवीर यादव, राजकुमार पटेल, अंकित सेन, संजय अहिरवार, ममता अहिरवार, रामसेवक शिवहरे, अजीत जाटव, उन्नत सिंह आदिवासी, निखिल सिकरवार और अंकुर सिकरवार घायल हुए हैं। घायलों में अंकित सेन, संजय अहिरवार, अजीत जाटव और उन्नत सिंह आदिवासी की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बदरवास स्वास्थ्य केंद्र से शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही बदरवास पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *