पति ने शक में पत्नी की नाक काटी, जीजा बना हमलावर का साथी: दोनों आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी। जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी पत्नी की नाक काट दी। इस वारदात में पति के साथ उसका जीजा भी शामिल था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता आरती आदिवासी (23) ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की रात करीब 10 बजे उसका पति राजेश आदिवासी और जीजा सलीम खान घर पहुंचे। दोनों ने गालियां देना शुरू किया। इस दौरान सलीम ने महिला के हाथ पकड़ लिए और राजेश ने दांतों से उसकी नाक काट दी। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी नाक पूरी तरह अलग हो गई।
थाना प्रभारी सुनील राजपूत ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर बनाई गई पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों—राजेश आदिवासी (25) और सलीम खान (35) को आदिवासी बस्ती स्थित टपरिया से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।