देवर-भतीजों ने विधवा महिला की ज़मीन हड़पी: 5 लाख बीघा देने का वादा कर रुपए नहीं दिए

शिवपुरी। करैरा तहसील के ग्राम डामरोन कलां की विधवा महिला संतोषी दुबे पत्नी स्व. महेश दुबे ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन देकर अपने ही देवर अशोक दुबे और उसके दोनों पुत्रों रोहित व मोहित दुबे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने बताया कि 10 सितंबर को आरोपियों ने दबाव बनाकर उसकी 8.5 बीघा कृषि भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली। आरोपियों ने वादा किया था कि 5 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से रकम उसके खाते में जमा कराएंगे, लेकिन आज तक कोई भुगतान नहीं किया गया।
पीड़िता का कहना है कि रजिस्ट्री के बाद बैंक ले जाकर भी टालमटोल किया गया। आशंका है कि आरोपी अब छल-कपट से भूमि का नामांतरण भी करा लेंगे।
महिला ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरी राशि मिलने तक भूमि का नामांतरण रोका जाए और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
Advertisement