in8 2 1757430189

65 साल की महिला ने सियार से 30 मिनट तक की जंग, साड़ी का फंदा कसकर मार डाला

in8 2 1757430189

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के बरखाड़ी गांव में 65 वर्षीय सूरजिया बाई जाटव ने अपनी जान बचाने के लिए आधे घंटे तक खूंखार सियार से संघर्ष किया। उन्होंने साड़ी का फंदा बनाकर सियार का गला दबा दिया और उसे मार डाला। हमले में सूरजिया बाई गंभीर रूप से घायल हुईं और करीब 6 घंटे तक बेहोश रहीं। फिलहाल उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना सोमवार शाम की है। सूरजिया बाई खेत में घास काट रही थीं, तभी पुलिया की ओर से आया सियार उन पर टूट पड़ा। पहले उसने पैरों में काटा, फिर हाथों पर हमले किए। आसपास कोई नहीं होने से महिला अकेली ही संघर्ष करती रहीं। करीब 20 मिनट तक उन्होंने सियार के जबड़े पकड़कर दबाव बनाए रखा। थकने लगीं तो दिमाग में फंदा बनाने का उपाय आया। साड़ी निकालकर फंदा बनाया और सियार का गला कस दिया। आधे घंटे की जंग के बाद सियार तड़पकर मर गया।

परिजनों ने मौके पर पहुंचकर सूरजिया बाई को बेहोशी की हालत में पाया। उनके हाथ-पैर खून से लथपथ थे और पास ही मृत सियार पड़ा था। उन्हें पहले बदरवास स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि शरीर पर 18 गहरे जख्म हैं, लेकिन हालत स्थिर है। उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए हैं और कुछ दिनों में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

सूरजिया बाई ने बताया कि पति और एक बेटे की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। इसी कारण उन्होंने जीने की हिम्मत दिखाई। परिवार के अनुसार, 6 माह पहले उनके देवर पर भी सियार ने हमला किया था, जिसमें उनकी जान चली गई थी। इसी वजह से अब सूरजिया को अपने भविष्य की चिंता सता रही है।

डीएफओ सुधांशु यादव ने कहा कि वन विभाग महिला के उपचार का पूरा खर्च उठाएगा। फिलहाल एक हजार रुपए की तत्काल सहायता दी गई है और इलाज का भुगतान विभाग करेगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *