सतनबाड़ा-नरवर मार्ग पर फिर दिखा तेंदुआ, रात का सफर खतरनाक

शिवपुरी। जिले का सतनबाड़ा-नरवर मार्ग अब तेंदुओं की आवाजाही के लिए पहचान बनाने लगा है। यह सड़क माधव टाइगर रिजर्व के घने जंगलों से होकर गुजरती है, जहां अब तेंदुओं का दिखना आम बात हो गई है। गुरुवार रात भी इसी रास्ते पर एक तेंदुआ दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, शिवपुरी के फोटोग्राफर नीरज वाम्मया अपने साथी कार्तिक कुशवाह के साथ मगरौनी में आयोजित समारोह से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार अटल सागर बांध (मड़ीखेड़ा) के आगे अंडरपास ब्रिज के पास पहुंची, अचानक सड़क पर एक तेंदुआ दिखाई दिया। वह एक गाय का शिकार करने की फिराक में था, लेकिन कार की हेडलाइट पड़ते ही ब्रिज से नीचे उतरकर किनारे की बाउंड्री की ओर चला गया। नीरज ने इस पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका अब तेंदुओं का स्थायी ठिकाना बनता जा रहा है। यहां आसपास के जंगलों में पानी और शिकार की पर्याप्त उपलब्धता है, जिससे तेंदुए अक्सर इस इलाके में नजर आते हैं।
जंगल से गुजरने वाला यह मार्ग दिन में अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है, लेकिन रात के समय यहां सफर करना जोखिम भरा हो रहा है। वन विभाग और प्रशासन की ओर से अभी तक कोई विशेष चेतावनी या निगरानी की व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में लोगों को खुद ही अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है
