चार माह से नहीं मिला राशन, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रन्नौद। शिवपुरी जिले की रन्नौद तहसील के ग्राम माडा गणेशखेड़ा में शासकीय उचित मूल्य दुकान की अनियमितताओं से परेशान ग्रामीणों का सब्र रविवार को टूट गया। चार महीने से राशन न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने पचावली-रन्नौद मार्ग पर चक्काजाम कर अपना आक्रोश जताया। करीब एक घंटे तक मार्ग बाधित रहा, जिसके बाद रन्नौद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश देकर जाम खुलवाया।
सोमवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधि मंडल अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कोलारस से मिला और लिखित शिकायत सौंपकर उचित मूल्य दुकान की व्यवस्थाओं की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
तीन किलोमीटर दूर खुलती है दुकान, महज दो दिन ही होती है संचालन
ग्रामीणों के अनुसार, उनके गांव की राशन दुकान माडा गणेशखेड़ा से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित है, जहां दुकान सिर्फ महीने में दो दिन ही खोली जाती है। इस दुकान पर नियुक्त सेल्समैन रामकृष्ण लोधी अक्सर अनुपस्थित रहता है और दुकान का संचालन ग्राम सिंधारई निवासी ववलू यादव द्वारा किया जा रहा है।
केवायसी के नाम पर अंगूठा लिया, राशन नहीं दिया
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी केवायसी पूरी करवा कर अंगूठा तो लगवा लिया गया है, लेकिन पिछले चार महीनों से एक दाना राशन भी वितरित नहीं किया गया है। जब भी वे राशन मांगने जाते हैं, तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि “ऊपर से राशन नहीं आया है।”
राशन के लिए लगानी पड़ रही चक्कर, प्रभावित हो रहा रोजमर्रा का काम
ग्रामीणों ने बताया कि राशन की उम्मीद में बार-बार दुकान के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे उनकी रोजमर्रा की मेहनत-मजदूरी भी प्रभावित हो रही है। इस परेशानी से तंग आकर उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लंबित राशन तुरंत वितरित किया जाए और उचित मूल्य दुकान की नियमित जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
