साहब! जिस मंदिर पर पूरे गांव की आस्था है उसे हड़पना चाहते है दबंग, कलेक्टर को ज्ञापन

शिवपुरी। खबर कलेक्ट्रेट कार्यालय से है जहां रातिकिराक पंचायत के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ठाकुर जी मंदिर, रामजानकी और हनुमान मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे का विरोध किया है।
जानकारी के अनुसार मंदिर की भूमि सर्वे क्रमांक 970 में दर्ज है। यह पहले सर्वे क्रमांक 549/2 और 549/4 थी। मंदिर के पुजारी वर्षों से इस भूमि की देखरेख कर रहे हैं। भूमि से होने वाली आय का उपयोग मंदिर की सेवा और धार्मिक आयोजनों में किया जाता है।
ग्रामीणों ने अंगूरी देवी, रामेश्वर, महेश कुमार वर्मा, अरुण कुमार और कल्याण सिंह पर भूमि को हड़पने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ये लोग मंदिर की जमीन को बेचने का प्रयास कर रहे हैं। मंदिर से पूरे गांव की धार्मिक आस्था जुड़ी है। यहां नियमित रूप से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भूमि पर कब्जे से गांव में तनाव की स्थिति बन सकती है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से तहसीलदार को निर्देश देने की मांग की है। वे चाहते हैं कि मंदिर की भूमि को सुरक्षित किया जाए। साथ ही अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के साथ मंदिर भूमि का पंचनामा भी दिया गया है। इस पर संतोष सिंह, लालाराम, सतेंद्र, रघु, अनिल, बनवारी, जगदीश, धाकड़ सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
