श्मशानघाट में अस्थि संचय के मायके और ससुराल पक्ष में चलीं लाठियां: मेडीकल कॉलेज में महिला की संदिग्ध मौत के बाद प्रताड़ना का लगाया था आरोप

शिवपुरी। खबर जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र से है जहां विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मामला और गरमा गया है। शुक्रवार को मृतका रामदेवी उर्फ रेखा लोधी की अस्थियों के संचय के दौरान मायका और ससुराल पक्ष में भिड़ंत हो गई। लाठियां चलीं और मृतका के पिता लखन लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बेदमऊ गांव के मुक्तिधाम में हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। रामदेवी की अस्थियों के संचय के लिए मायका पक्ष ट्रैक्टर-ट्रॉली से मुक्तिधाम पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद ससुराल पक्ष से बहस शुरू हुई, जो मारपीट में तब्दील हो गई।
रामदेवी के भाई नीरज लोधी ने बताया कि वह अपने भाइयों और पिता के साथ अस्थि संचय के लिए पहुंचा था। कल मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के दौरान हुई झुमाझटकी से ससुराल पक्ष नाराज था। इसी रंजिश में शुक्रवार को बहादुर लोधी, देवेंद्र लोधी और ब्रजभान लोधी ने लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पिता लखन लोधी को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
गौरतलब है कि रामदेवी की मौत गुरुवार को जिला मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा पैसों के लिए प्रताड़ित किया जाता था। वहीं, रामदेवी के 6 वर्षीय बेटे नैतिक ने भी अपनी मां को ताऊ-ताई द्वारा जहर देने का आरोप लगाया था।
रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि मामले में पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।