SHIVPURI NEWS-खेत पर जा रहे निखिल को मिनी आइसर ने उड़ाया,इलाज के दौरान मौत

शिवपुरी। खबर जिले के कोलारस थाना क्षेत्र से है। जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान निखिल परिहार के रूप में हुई है। बता दे कि निखिल अपनी बाइक से खेत पर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार बीते 31 मार्च की सुबह करीब 7:45 बजे की है। निखिल अपनी बाइक से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान देहरदा की तरफ से आ रही मिनी आइसर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में निखिल के सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोट आईं थी।
बता दे कि घायल निखिल को पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। मंगलवार रात को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। निखिल की एक बहन की पहले ही मौत हो चुकी थी। अब निखिल के जाने से परिवार टूट गया है। गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।