SHIVPURI NEWS-आदिवासी महिलाओं ने शराब की दुकानों के बिरोध में कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

शिवपुरी। खबर कलेक्ट्रेट कार्यालय से है जहां कोलारस तहसील क्षेत्र के करमई गांव की आदिवासी महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। महिलाओं ने गांव से शराब दुकान हटाने और अवैध बिक्री रोकने की मांग की है। महिलाओं का कहना है कि गांव में शराब की बिक्री से उनका जीवन दूभर हो गया है। कुछ लोग लाइसेंसी दुकान से शराब खरीदकर बेच रहे हैं। कई लोग बिना लाइसेंस के भी अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। शराबखोरी के कारण गांव में घरेलू हिंसा और झगड़े बढ़ गए हैं।
बताया कि बह नशे में धुत लोग महिलाओं का अपमान करते हैं। इससे घरों में अशांति का माहौल बना हुआ है। महिलाओं को रोज परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शराब की लत के चलते पुरुष और युवा घर का सामान तक चोरी कर रहे हैं। इससे परिवारों में रोज झगड़े होते हैं। बच्चों के भूखे रहने की नौबत आ गई है।
मंगलवार को रेखा आदिवासी, ममता, गुड्डी, राजो, हिरनाम सहित कई महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही शराब बिक्री पर रोक नहीं लगी, तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।