SHIVPURI में राजस्थान के युवक भेड़पालक बनकर कर रहे थे अफीम की तस्करी: 1-KG अफीम के साथ 2 गिरफ्तार

शिवपुरी। खबर देहात थाना क्षेत्र से है जहां पुलिस ने बुधवार को दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से 2 लाख रुपए कीमत की एक किलो अफीम बरामद की है।
जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के पाली जिले के कालूराम उम्र 45 साल और कोजाराम उम्र 62 साल के रूप में हुई है। दोनों अपनी पहचान छिपाने के लिए भेड़ पालक बनकर घूमते थे। अपने साथ भेड़ें रखकर वे अफीम की तस्करी करते थे।
देहात थाना प्रभारी रत्नेश यादव के अनुसार, 19 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली। दो व्यक्ति पिपरसमा अनाज मंडी के पीछे कच्चे रास्ते पर अफीम बेचने की फिराक में खड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अफीम कहां से लाई गई और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।