20240925 213245

झोलाछाप डॉक्टर ने लगाए इंजेक्शन से तबीयत बिगड़ने के बाद मरीज की मौत: परिजनों ने थाने में शव रखकर किया हंगामा

20240925 213245

शिवपुरी। खबर जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र से आ रही है। जहां झोलाछाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन युवक झांसी के अस्पताल ले गए थे। लेकिन युवक ने झांसी के अस्पताल पहुंचने से पहले मंगलवार की रात दम तोड़ दिया। आज (बुधवार) परिजन शव लेकर खनियाधाना थाना पहुंचे और आरोपी झोलाछाप डॉक्टर पर मामला दर्ज करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार कुंदोली के रहने वाला 38 साल का बुंदेल सिंह लोधी पुत्र महाराज सिंह लोधी मंगलवार शाम अपनी उड़द की फसल मंडी में बेच कर घर पहुंचा था। यहां उसे तबीयत खराब होने का एहसास हुआ था। इसके बाद वह गुडर रोड़ खनियाधाना में संचालित डॉ दिलीप सिंह यादव की क्लिनिक पर पहुंचा था। परिजनों का कहना है डॉक्टर दिलीप सिंह यादव द्वारा बुन्देल सिंह को दो इंजेक्शन और एक ड्रीप लगाई थी। इसके कुछ देर बाद बुन्देल की तबीयत बिगड़ गई थी।

बुन्देल को तत्काल खनियाधाना के स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। यहां से शिवपुरी रेफर किया था। लेकिन बेहतर उपचार के लिए बुन्देल को झांसी ले जाया गया था। रास्ते में बुन्देल को खून की उल्टियां हुई थी साथ ही दस्त भी हुए थे। इसके बाद झांसी अस्पताल पहुंचने के साथ ही डॉक्टर ने बुन्देल सिंह को मृत घोषित कर दिया था। परिजनों ने डॉक्टर दिलीप सिंह यादव पर गलत उपचार के आरोप लगाते हुए खनियाधाना थाने शव ले जाकर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में खनियाधाना बीएमओ अरुण झस्या का कहना है कि क्लिनिक अवैध रूप संचालित था। उक्त क्लिनिक पंजीकृत नहीं है। क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की जायेगी। वहीं खनियाधाना थाना प्रभारी सुरेश शर्मा का कहना है कि मामले में मर्ग कायम है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *