घर लौट रहे BIKE सवारों की बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकराई: दो की मौत, एक गंभीर

शिवपुरी। खबर जिले के भौंती थाना क्षेत्र से आ रही है। जहां ऊमरी गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक, खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक बाइक सवार को गंभीर हाल में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भौंती पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अमोला थाना क्षेत्र का रहने वाला 35 वर्षीय आनंद पुत्र मनीराम लोधी अपने दो साथी बलराम पुत्र पर्वत सिंह लोधी उम्र 34 साल और राजेंद्र पुत्र नारायण जी लोधी उम्र 40 साल के साथ ऊमरी गांव रहने वाले अपने मामा के घर आज, सुबह 11 बजे बाइक पर सवार होकर निकला था। बताया गया है कि आज बुधवार दोपहर तीनों बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव सिरसौद के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान उनकी बाइक ऊमरी गांव के बाहर पटेरिया मंदिर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद खंभे से टकरा गई थी।
घटना में आनंद लोधी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। सूचना के बाद तीनों को मनपुरा के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। यहां डॉक्टर ने आनंद लोधी को मृत घोषित कर गंभीर घायल बलराम लोधी और राजेंद्र लोधी को तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। बताया गया है कि राजेंद्र लोधी जिला अस्पताल पहुंचा ही था। लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बलराम लोधी के पैर फ्रैक्चर हुए हैं।
बताया गया है बलराम दिव्यांग है। भौंती थाना प्रभारी गीतेश शर्मा ने बताया कि इस दुर्घटना में आनंद लोधी और राजेंद्र लोधी की मौत हुई है। घायल बलराम लोधी का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना किन कारणों से घटित हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
