शिवपुरी में 6 लोगों ने रंजिशन एक युवक को मारी गोली-SHIVPURI NEWS

शिवपुरी। खबर जिले के नरवर थाना क्षेत्र से आ रही है। जहां भीमपुर गांव में बिजली के तार को ट्रांसफॉर्मर में जोड़ने गए युवक को पड़ोसियों ने गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी है। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के बाद नरवर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया हैं।
जानकारी के अनुसार राकेश कुशवाहा और खेत सिंह बघेल के परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। दोनों परिवारों के पूर्व में हुए झगडे में खेत सिंह बघेल के परिवार पर हत्या के प्रयास की धाराओं में भी मामला दर्ज हो चुका है।
बताया गया है कि राकेश कुशवाहा के पास लगी बिजली के ट्रांसफॉर्मर से खेत सिंह बघेल का बिजली कनेक्शन है। शुक्रवार की रात खेत सिंह बघेल के घर की बिजली सप्लाई बंद हो गई थी। बिजली का तार को जोड़ने खेत सिंह बघेल का बेटा रामवीर बघेल ट्रांसफॉर्मर पर पहुंचा था। जहां विवाद हुआ और रामवीर बघेल को पीछे से गोली मार दी गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायलावस्था में रामवीर बघेल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रामवीर ने बताया कि बिजली के ट्रांसफॉर्मर पर तार जोड़ते वक्त राजेश कुशवाह, अजमेर कुशवाह, रघुनाथ कुशवाह, बादाम कुशवाह, लल्ली कुशवाह और संजू कुशवाह ने गालीगलौच करना शुरू कर दिया था।
सभी लोग मुझे एक साथ मारने दौड़े थे। जिन्हें देख मैं भाग खड़ा हुआ, तभी पीछे से राकेश कुशवाह ने कट्टे से उसे गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी जिससे वह वहीं गिर गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
