भाई थ्रेसर पर मजदूरी कर रहा था,बडे भाई की गांव में बेइज्जती हो रही थी, जमकर मारपीट

खनियाधाना। खबर जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के भौडन गांव से आ रही है जहां एक युवक से मजदूरी करवाने और उससे गांव में हो रही इज्जत खराब के शक में दो भाइयों ने मिलकर दो चचेरे भाइयों पर फरसे और लाठी से वार कर दिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से एक भाई की हालात नाजुक बनी हुई है। खनियाधाना थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के आनुसार भौडन गांव के रहने वाले हरेंद्र सिकरवार ने बताया कि वह और उसका चचेरा सतेंद्र सिंह सिकरवार शुक्रवार की रात अपने खेत में गेंहू की थ्रेसिंग करा रहे थे। इसी दौरान गांव के रहने वाले दो भाई विजय सिंह उर्फ़ रानू सिकरवार और रविपाल सिकरवार खेत पर आए थे। दोनों भाइयों ने उनके एक भाई रामपाल सिकरवार से मजदूरी करवाने के आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि उनके भाई से मजदूरी कराते हो जिससे उनकी गांव में बेइज्जती होती है।
हरेंद्र ने बताया कि जबकि हमारी ओर से रामपाल सिकरवार से मजदूरी करवाने की बात से साफ इनकार कर दिया था। बस इसी बात से भड़के दोनों भाइयों ने मेरी व मेरे चचेरे भाई सतेंद्र सिकरवार की लाठियों से मारपीट करना शुरू कर दिया। इसी दौरान विजय सिंह उर्फ़ रानू सिकरवार ने सतेंद्र सिकरवार के सिर में फरसा मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खनियाधाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विजय सिंह उर्फ़ रानू सिकरवार और रविपाल सिकरवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
