शिवपुरी में मजदूर को दी तालीबानी सजा, बंधक बनाकर देवर की मूंछे तक उखाड ली, भाभी को भी पीट दिया

शिवपुरी। खबर जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के पचराई गांव से आ रही है जहां में दबंगों का आदेश न मानने वाले मजदूर को तालिबानी सजा दी गई। मजूदर को बंधक बना पहले घर से अगवा किया गया, बचाने आई भाभी के साथ भी मारपीट की गई। बाद में मजदूर के दोनों हाथों पर पत्थर पटके गए, फिर उसकी मूछें उखाड़ दी गईं। इसके बाद उसे लाठियों से जमकर पीटा। मायापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल मजदूर और उसकी भाभी को शिवपुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार पचराई गांव के रहने वाले 34 साल के मजदूर सुल्तान रजक पुत्र कैलाश रजक को गांव के कोक सिंह यादव ने उसके खेत में फसल काटने की बात कही थी। लेकिन मजदूर सुल्तान ने उसे मना कर दिया कि पहले वह अपने खेत की बची हुई फसल की कटाई करेगा। इसी बात से नाराज कोक ने मजदूर को जमकर पीटना शुरू कर दिया।
नाराज कोक सिंह एक दिन पहले अपने बेटों और भाइयों के साथ सुल्तान रजक के घर पहुंच गया और उसके हाथ रस्सी से बांधकर उसे बंधक बना लिया। इस दौरान घर में मौजूद सुल्तान की भाभी रेखा रजक ने देवर सुल्तान को बचाने का प्रयास किया। लेकिन कोक सिंह व उसके सहयोगियों ने रेखा पर लाठियों से हमला बोल दिया, रेखा पर भी जमकर लाठियां भांजी।
इसके बाद सुल्तान को कोक सिंह अपने मकान पर ले गया। जहां उसे बांध दिया गया। इसके बाद सुल्तान के दोनों हाथों के नीचे पत्थर रखकर ऊपर से पत्थर पटके गए फिर सुल्तान की बर्बरता पूर्वक मूछें उखाड़ दी। कोक सिंह और उसके सहयोगी इतने में ही संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने सुल्तान के पैरों पर भी पत्थर पटके और तब तक लाठियां भांजी जब तक सुल्तान अधमरा नहीं हो गया। इसके बाद कोक सिंह और उसके सहयोगी सुल्तान को बाहर फेंककर बाहर चले गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन घायल सुल्तान रजक और उसकी भाभी रेखा रजक को पहले मायापुर थाना लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मायापुर थाना पुलिस ने कोक सिंह यादव, मलखान यादव, जगत सिंह यादव, उदयभान यादव, केशभान यादव और बबलेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घायल सुल्तान और उसकी भाभी रेखा को शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं जहां दोनों का उपचार जारी है।