SDM की नाक के नीचे कुण्डन सरकार आश्रम की जमींन पर भू-माफियाओं ने जमाया कब्जा,FIR

शिवपुरी। खबर जिले के कोलारस अनुविभाग से आ रही है। जहां कोलारस एसडीएम की नाक के नीचे भू माफियाओं ने कुण्डन सरकार आश्रम की बेशकीमती जमींन तक को नहीं छोडा। इन माफियाओं ने कुण्डन सरकार आश्रम की जमींन पर अवैध रूप से कब्जा जमा लिया। इस मामले की शिकायत आश्रम के महंत ने कोलारस थाने मे की। जहां पुलिस ने इस मामले में आरोपीयों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार कोलारस के जन आस्थाओं के केंद्र प्राचीन राई रोड स्थित श्री कुण्डन सरकार आश्रम का है, जहां कथित भूमाफ़ियाओं द्वारा आश्रम के ताले तोड़कर कब्जा कर लिया गया है। आरोपियों ने न केवल आश्रम की ज़मीन को जोत लिया है बल्कि आश्रम के पुजारियों के साथ मारपीट कर पूजा भी नही करने दी जा रही है।
बताया गया है कि आश्रम के महंत प्रसिद्ध संत सियाराम महाराज जी के दो साल पहले ब्रह्मलीन होने के बाद शासन द्वारा सर्वसम्मति से ट्रस्ट के गठन कर दिया गया है,किन्तु आश्रम की ज़मीन पर कुछ भूमाफियाओं के नज़र है, जिसके चलते उन्होंने दबंगई दिखाते हुए पुजारियों के साथ मारपीट की एवं डरा धमका कर आश्रम पर कब्जा कर लिया। जिसकी शिकायत ट्रस्ट द्वारा एसडीएम कोलारस को लगभग एक माह पूर्व कर दी गई थी।
किन्तु मौन प्रशासन के नीचे ये भूमाफिया बेख़ौफ़ तांडव कर रहे हैं। इसी के चलते इन आरोपियों ने पुजारी कल्याण गिरी एवं हरिदास के साथ मारपीट कर पूजा का कार्य भी रोक दिया। जान बचाकर भागे पुजारियों द्वारा थाने में पहुंचकर इस घटना की सूचना दी गई जिसपर पुलिस ने आरोपी राजकुमार शिवहरे और अशोक गोस्वामी पर भादवि की धारा 323,506,294 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।