टमाटर के खेत ने उगले पुराने सिक्के, आदिकाल के बेशकीमती हो सकते है सिक्के, इन सिक्कों पर अरबी भाषा में लिखा है

शिवपुरी। खबर जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम भावखेड़ी से आ रही है। जहां एक महिला को खेत में गुढ़ाई करते समय पुरातत्व महत्व के चार सिक्के मिले हैं।
इन सिक्कों को पुलिस ने जब्त कर पुरातत्व विभाग को पत्र लिख दिया है। इस पत्र के उपरांत पुरातत्व विभाग उचित कार्रवाई करेगा।
जानकारी के अनुसार भावखेड़ी निवासी रामसिंह चंदेल ने एक खेत में बटाई पर टमाटर की खेती की है। इसी कम में सोमवार की देर शाम रामसिंह चंदेल की पत्नी आशा चंदेल को पुरातत्व महत्व के चार सिक्के मिले।
इन सिक्कों पर अरवी भाषा में कुछ लिखा हुआ है। यह प्रतीत नहीं हो रहा है कि यह सिक्के किस सदी के हैं। कुछ लोग सिक्कों को आदि काल का मान कर चल रहे हैं और बेशकीमती बताए जा रहे हैं। सिक्के मिलने के बाद महिला ने यह बात अपने पति को बताई। पति ने अपने दोस्तों से यह वात कही।
इसके उपरांत गांव में सिक्के मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। किसी तरह खबर मंगलवार की सुबह पुलिस को लगी तो पुलिस गांव में पहुंची और सिक्कों के संबंध में पड़ताल की।
महिला ने पुलिस को यह सिक्के बता दिए। पुलिस ने सिक्कों को जप्ती में लिया। सिक्कों के संबंध में पुरातत्व विभागको पत्र लिख दिया गया है।
इनका कहना है
सामान्यतः पुरातत्व विभाग को अगर सिक्कों को देख कर कुछ विशेष लगता है तो सामान्यतः पुरातत्व विभाग की टीम मौके की जांच करने के लिए आती है। कहीं वहां कोई बड़ा खजाना या जमीन के अंदर कोई पुरातत्व महत्व की धरोहर तो नहीं है। यह सब कुछ विभाग के अधिकारियों पर निर्भर करता है । उनके अनुसार यह भी हो सकता है कि आदिकाल में सिक्के कभी गिर गए हों और अब खेत जोतने के दौरान ऊपर आ गए हों।
राजेन्द्र शर्मा, थाना प्रभारी सिरसौद