26 जून को कांग्रेस मेंं शामिल होने शिवपुरी से भोपाल जाएगें राकेश गुप्ता , राजे के खिलाफ ताल ठोंकने की तैयारी

शिवपुरी। इन दिनों जिले की राजनीति में हडकंप मचा हुआ है। पार्टीयों के अंदरूनी सर्वे में इन दिनों मध्यप्रदेश में कांग्रेस की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। जिसके चलते सिधियानिष्ठ भाजपाई अब सिंधिया का दामन छोड फिर से कांग्रेस में जाने के लिए ललायत दिख रहे है। अभी हाल ही में कोलारस विधानसभा से टिकिट की मांग कर रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बैजनाथ सिंह यादव ने अपने समर्थकों के साथ भोपाल में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। अब इसी बीच एक और खबर आ रही है कि शिवपुरी के दिग्गज नेता और यशोधरा राजे सिंधिया के खिलाफ टिकिट की मांग को लेकर शहर के व्यापारी राकेश गुप्ता वनस्थली होटल भी अब कांग्रेस का दामन थामने जा रहे है।
वह बीते लंबे समय से कांग्रेस आलाकमान से भाजपा छोड कांग्रेस में शामिल होने के लिए समय की मांग कर रहे थे। जिसके चलते उन्हें पहले बैजनाथ सिंह यादव के साथ शामिल होने की कहा गया था। परंतु उन्होंने भीड में कांग्रेस की सदस्यता लेने से इंकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि उसके बाद वह लगातार आलाकमान से संपर्क करते रहे और आज उन्हें 26 जून का समय दिया गया है। अब वह 26 जून को भाजपा को छोडकर भोपाल में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
बताया जा रहा है कि वह अपने काफिले और 500 से 700 समर्थकों के साथ भोपाल जाएगे। उसके बाद वह भोपाल के पीपीसी कार्यालय में कांग्रेस का झंडा थाम लेंगे। राकेश गुप्ता ने बताया है कि वह मूल रूप से कांग्रेसी थे। उन्होंने महाराज के साथ काम किया था महाराज के कांग्रेस से भाजपा में जाने पर वह भी भाजपा में शामिल हो गए और उनके साथ चले गए। उसके बाद उनपर पॉलीटिकल प्रेशर आ गया परंतु उन्हें भाजपा ने न तो सम्मान दिया और न ही उनकी कोई पूछपरख रही। जिसके चलते अब वह भाजपा को छोड फिर से कांग्रेस में शामिल हो रहे है। माना यह भी जा रहा है कि उसके कांग्रेस में जाने के बाद उनके रिश्तेदार गोटू जैन भी कांग्रेस में शामिल होंगे। अब देखना यह है कि इस दल बदल की राजनीति के चलते शिवपुरी जिले में कांग्रेस किस हद तक सफल हो पाती है।