मावठ में बैराड़ में 14 और पोहरी में 2 मिमी बारिश,पारा धड़ाम से गिरा, सर्दी से कंपा जिला

शिवपुरी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रविवार के बाद सोमवार को भी पूरे जिले में बादल छाए रहे। बैराड़ तहसील में 14 मिमी व पोहरी में 2 मिमी बारिश दर्ज हुई जबकि जिले के अन्य स्थानों पर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश की सूचना नहीं है। बैराड़ तहसील में एक घंटे बारिश हुई, फिर दिनभर रुक-रुककर रिमझिम होती रही। बागोदा, फुलीपुरा, भीमलाठ में दाे मिनट तक चने के आकार के ओले भी गिरे।

अभी बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को इस बारिश से फायदा है, लेकिन कुछ जगह खेतों में कटी पड़ी सरसों फसल में हल्का नुकसान माना जा रहा है।

जिलेभर में बादल छाए रहने के साथ दिन में ठंडी हवा चलती रही। हवा की वजह से दिन के पारा में 3.2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। शिवपुरी शहर में सोमवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। बादलों के साथ 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने से वातावरण में ठंडक घुल गई। चारों तरफ से हल्की घटाएं घिरने से बारिश की संभावना बनी रही, लेकिन पूरे दिन बारिश नहीं हुई। बैराड़ तहसील में सबसे ज्यादा 14 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

दिन के समय भी पानी रुक- रुककर बरसता रहा। पोहरी में 2 किमी बारिश दर्ज हुई है। बारिश होने से दोनों तहसीलों में खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों, चना, मटर, मसूर आदि फसलों में फायदा है। जिन खेतों में किसानों द्वारा काटकर रखी सरसों फसल में पानी पड़ने से हल्का नुकसान जरूर है।

शिवपुरी शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट आई है जबकि रात का पारा 0.3 डिग्री कम हुआ है। वहीं 48 घंटे की तुलना में न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री उछला है। अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री गिरावट आई है। ऐसा बादल छाने की वजह से रहा।

अब 2 फरवरी को नया विक्षोभ
पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर पर आकर सोमवार को खत्म हो गया है। इस कारण शिवपुरी में बादल छाने के साथ कुछ हिस्से में बारिश रही। मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मंगलवार से बादल छंटना शुरू होंगे। अब नया विक्षोभ 2 फरवरी को बनेगा और न्यूनतम तापमान फिर से बढ़ जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *