शिवपुरी में बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली कंपनी कार्यालय में की तालाबंदी

शिवपुरी। जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बाणगंगा स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे और परिसर के बाहर बैठकर नारेबाजी की। वरिष्ठ अधिकारियों के ज्ञापन लेने के लिए नहीं पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता विरोध जारी रखते हुए नारेबाजी करते रहे।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती का विरोध
कांग्रेस ने शिवपुरी शहर, ग्रामीण इलाकों और बड़ौदी औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की अनियमित आपूर्ति का मुद्दा उठाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि लगातार बिजली कटौती के कारण किसानों, व्यापारियों, उद्योग संचालकों और आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों की परेशानी का मुद्दा उठाया
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय में खेतों में टमाटर की फसल खड़ी है और दूसरी फसलों की बुआई की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने बिजली व्यवस्था में सुधार करने और शहर से लेकर ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों तक नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
