कॉलेज तिराहे पर युवक से मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात; पत्नी पर हमला करवाने का आरोप

शिवपुरी। जिले के करैरा कस्बे में रविवार सुबह कॉलेज तिराहे पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन युवकों ने उसे बीच रास्ते रोककर हमला कर दिया और फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने अपनी पत्नी पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीला रोड निवासी 25 वर्षीय अजय देवेंद्र लोधी ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वह बाइक से जा रहा था। कॉलेज तिराहे पर पहुंचते ही बाइक सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को दिए बयान में अजय ने हमलावरों की पहचान आशीष यादव और रानू यादव के रूप में की है, जबकि तीसरे आरोपी को वह नहीं पहचानता।
अजय लोधी का आरोप है कि उसकी पत्नी ने देवेंद्र यादव से कहकर उस पर हमला करवाया। उसका कहना है कि पिछले कुछ समय से उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा है और उसे पत्नी तथा देवेंद्र यादव के बीच प्रेम संबंध होने की आशंका है। हालांकि, यह पीड़ित के आरोप हैं और पुलिस ने इनकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने आशीष यादव, रानू यादव और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल देवेंद्र यादव का नाम एफआईआर में शामिल नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
