शिवपुरी में दुल्हा-दुल्हन सहित 4 की मौत:विदाई के बाद काल बनकर आया ट्रक, सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलटा

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोंगरा रोड पर शनिवार दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा पेश आया है। यहाँ एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर जा पलटा। इस भीषण दुर्घटना में नई नवेली दुल्हन और दूल्हे सहित परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, शनिवार दोपहर वहां से चार अर्थियां निकलने की खबर ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।
विदाई के तुरंत बाद काल बनकर आया ट्रक
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम राजगढ़ निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) का विवाह शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य के साथ संपन्न हुआ था। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे विदाई की रस्में पूरी कर दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार के साथ ऑटो से पैतृक गांव राजगढ़ लौट रहे थे। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ऑटो चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था।
तभी मोड़ पर अचानक मुर्गी दाना से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो पर पलट गया। ऑटो में सवार दूल्हा वीरेंद्र, दुल्हन राजेश्वरी, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50) और भाभी राजो शाक्य (22) ट्रक के भारी-भरकम वजन के नीचे दब गए।
जेसीबी की मदद से आधे घंटे बाद निकले शव
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पूरी तरह पिचक गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन ट्रक में भरा मुर्गी दाना और भारी वजन होने के कारण दबे हुए लोगों को निकालना असंभव था। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जेसीबी मशीन मंगवाई गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
बहन की लगन से पहले उजड़ गया परिवार
इस त्रासदी का सबसे कारुणिक पहलू यह है कि घर में एक और उत्सव की तैयारी थी। मृतक दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की आज शनिवार को ही ‘लगन’ (सगाई की रस्म) होनी थी। बहन भूरिया और ऑटो चालक हादसे के वक्त पास ही एक दुकान पर गए थे, जिसके कारण उनकी जान बच गई। लेकिन अपनी आंखों के सामने भाई, मां और भाभी को खोने के बाद बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। फिलहाल चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
