swatantra shivpuri 31

2 साल से लापता नाबालिग गुना से बरामद, आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा

swatantra shivpuri 31

शिवपुरी। जिले में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 2 साल पहले अगवा की गई एक नाबालिग बालिका को गुना जिले के नानाखेड़ी से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अपनी लाड़ली को इतने लंबे समय बाद सही-सलामत देखकर माता-पिता के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।

घटनाक्रम के अनुसार, 22 दिसंबर 2024 को इंडस्ट्रियल एरिया शिवपुरी की रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी बिना बताए कहीं चली गई है। चूंकि बालिका नाबालिग थी, इसलिए कोतवाली पुलिस ने तत्काल धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी।

कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों (सायबर सेल) और स्थानीय मुखबिरों की मदद से लगातार लोकेशन ट्रेस की। कड़ी मशक्कत के बाद 9 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने बालिका को नानाखेड़ी, गुना से दस्तयाब कर लिया।

बालिका के बरामद होने के बाद जब उसके बयान दर्ज किए गए, तो मामले में सनसनीखेज तथ्य सामने आए। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 87, 64(2एम), 65(1) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 3/4, 5/6 का इजाफा किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन पुत्र दिनेश राठौर (22 वर्ष), निवासी मनियर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

इस सफल ऑपरेशन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक भावना राठौड़, सउनि प्रवीण त्रिवेदी, प्रआर गजेंद्र परिहार, अवतार सिंह, जितेंद्र रायपुरिया, विनय सिंह, सायबर सेल के आरक्षक आलोक व्यास, एसडीओपी कार्यालय के पदमचंद मांझी, महिला आरक्षक मोनिका धाकड़ और रचना राणा की विशेष भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *