Picsart 25 08 31 19 50 20 905

शिवपुरी जिले में कुओं में डूबने से तीन युवकों की मौत, दो थे इकलौते बेटे, गांवों में मातम

Picsart 25 08 31 19 50 20 905

शिवपुरी। जिले में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में कुओं में नहाने उतरे तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से दो परिवारों के इकलौते बेटे थे, जिनकी मौत से घरों में कोहराम मच गया और गांवों में शोक की लहर फैल गई।

मल्हावनी गांव की घटना
पिछोर अनुविभाग के मल्हावनी गांव में 22 वर्षीय अरविंद पाल और 18 वर्षीय रोहित रजक अपनी-अपनी भैंसें लेकर जंगल की ओर गए थे। दोनों नहाने के लिए कुएं में उतरे, जो करीब 30 फीट गहरा और पानी से लबालब भरा हुआ था। कुएं में बंधे लोहे के तार के सहारे वे नीचे उतरे, लेकिन अचानक तार टूट गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, रोहित को तैरना नहीं आता था और जब वह डूबने लगा तो उसने घबराकर अरविंद को पकड़ लिया। इसी दौरान दोनों गहराई में समा गए। घटना को एक बच्चे ने देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव कुएं से निकाले गए।
इस हादसे में रोहित रजक के घर पर सबसे बड़ा दुख छा गया, क्योंकि वह परिवार का इकलौता बेटा था।

नगरा गांव का हादसा
दूसरी घटना पोहरी थाना क्षेत्र के नगरा गांव में हुई। यहां झिरी गांव का 17 वर्षीय अंकेश चिढ़ार अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। अंकेश को तैरना नहीं आता था, फिर भी वह कुएं में उतर गया और गहरे पानी में डूब गया। बताया जाता है कि वह तैरना सीखने की कोशिश कर रहा था। डूबने से पहले उसका एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह रस्सी के सहारे कुएं में नहाता दिखाई दे रहा है।
गोताखोरों और ग्रामीणों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद अंकेश का शव बाहर निकाला। अंकेश भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दोनों घटनाओं की सूचना पर मायापुर और पोहरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *