स्वतंत्रता संग स्वच्छता का संदेश, शिवपुरी में उमड़ी तिरंगा रैली

शिवपुरी। “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के तहत मंगलवार को शहर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों से लेकर समाजसेवी संगठनों तक का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में निकली रैली में वन विभाग, CRPF, ITBP, NCC, NSS, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक शामिल हुए। तिरंगे के रंग में रंगे प्रतिभागियों ने देशभक्ति गीतों के साथ माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।
रैली पोलो ग्राउंड से शुरू होकर सब्जी मंडी, माधव चौक, गुरुद्वारा, राजेश्वरी माता रोड, तांत्या टोपे तिराहा होते हुए पुनः पोलो ग्राउंड पर संपन्न हुई।
इसी अभियान के तहत जिले के सभी थानों में पुलिस कर्मियों ने अपने घरों और वाहनों पर तिरंगा लगाकर लोगों को प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने निवास पर तिरंगा फहराकर घर-घर तिरंगा लगाने का संदेश दिया।