प्याज की बोली में देरी को लेकर कृषि उपज मंडी में किसानों का हंगामा, किसानों ने मेन गेट पर जड दिया ताला

शिवपुरी। शिवपुरी के पिपरसमां कृषि उपज मंडी में आज उस समय हंगामा खडा हो गया जब किसान अपनी ट्रॉली पर प्याज बेचने का इंतजार करते रहे। परंतु बोली लगाने व्यापारी नहीं पहुंचे। जिससे गुस्साए किसानों ने जमकर हंगामा करते हुए मंडी के मुख्य गेट पर ताला जड दिया। दोपहर 12 बजे तक व्यापारियों द्वारा बोली शुरू न करने से किसान आक्रोशित हो गए। मंडी कार्यालय में चपरासी और कंप्यूटर ऑपरेटर के अलावा कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था।
किसानों ने मंडी का मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे ट्रैक्टरों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। किसानों ने एसडीएम से व्यवस्था सुधारने की मांग की। प्याज लेकर आए किसानों ने मंडी कर्मचारियों पर भेदभाव का आरोप लगाया।
किसानों का कहना था कि नियम के अनुसार टीन शेड में बोली लगनी चाहिए। लेकिन कर्मचारियों को पैसा न देने वाले किसानों की फसल की बोली दूसरी जगह लगवाई जा रही है। कुछ किसान 24 घंटे से मंडी में रुके हुए थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। मंडी प्रबंधन की लापरवाही से नाराज किसानों का विरोध जारी रहा।