SHIVPURI में सांप के डसने से महिला की मौत: मौत के बाद झाड़ फूंक कराने अशोकनगर ले गए परिजन

शिवपुरी। खबर जिले के कोलारस कस्बे से आ रही है। जहां स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को पहुंची सर्पदंश की शिकार महिला को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई थी। लेकिन महिला के परिजनों ने महिला की मृत्यु को स्वीकार न करते हए झाड़फूंक कराने ले जाने की बात पर अड़ गए।
इस बात से करीब दो घंटे तक कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में तमाशा चलता रहा बाद में परिजन महिला के शव को झाड़फूंक कराने अपने साथ ले गए। बता दें कि अशोकनगर जिले किसी गांव में महिला के शव को झाड़फूंक के बाद पुनः वापस कोलारस लाया गया। तब कहीं जाकर महिला के शव का पीएम किया जा सका।
जानकारी के अनुसार कोलारस थाना क्षेत्र के मोरई बेडारी की रहने वाली 25 साल की विवाहिता पूजा जाटव को आज सुबह घर में सोते वक्त सांप ने काट लिया था। सुबह पांच बजे जब उसे दिखना बंद हो गया तब उसने यह बात अपने पति शिव सिंह को बताई थी। इसके बाद परिजन पूजा को झाड़फूंक करने वाले किसी ओझा के यहां ले गए थे। ओझा ने करीब तीन घंटे तक झाड़फूंक की। जब पूजा को आराम नहीं मिला तब परिजन पूजा को लेकर कोलारस के अस्पताल पहुंचे थे। यहां पहुंचते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया था। इसके बावजूद परिजन पूजा की मौत को स्वीकार नहीं कर रहे थे। उनका कहना था कि पूजा का शरीर अब गर्म है। साथ ही उसके हाथ-पैर सख्त नहीं हुए हैं। जब पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना चाहा तो परिजनों ने हंगामा कर दिया और वह पूजा को जिंदा बताते हुए उसे पुनः झाड़फूंक कराने ले जाने के लिए अड़ गए। अस्पताल में करीब दो घंटे तक तमाशा चलता रहा। बाद में परिजन हंगामा करते हुए। पूजा के शव को अपने साथ ले गए।
बता दें कि परिजन महिला के मृत शरीर को अशोकनगर के किसी गांव लेकर पहुंचे थे। जहां उन्होंने झाड़फूंक करवाई थी। बाद में ओझा ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बाद में परिजन पुनः कोलारस अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनके ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है।