बैराड़ में हर्षोल्लाष के साथ मनाया भुजरिया पर्व: प्रशासन भी रहा चाक चौबंध

बैराड़। नगर परिषद बैराड़ में आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक भुजरिया पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने अपने अपने घरोंं में बोई गई भुजरिया की विशेष पूजा अर्चना की। महिलाए समूह बनाकर भुजरिया तालाब पर पहुंची और मांगलिक गीत गाते हुए भुजरिया अर्पित गई। इसके बाद लोगो ने एक दूसरे से भुजरिया की राम राम की। लोगों ने एक दूसरे को भुजरिया की बधाई दी।
इस अवसर पर गेहूं के ज्वारे मित्रों व संबंधियों द्वारा एक दूसरे के कानों पर रख व भेंट कर आपस में बधाई दी। बच्चों व युवाओं ने बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। गांवों सहित बैराड़ के मुख्य चौराहे और माता रोड़ पर युवाओं ने लहंगी नृत्य का किया। बच्चे और युवाओं में इस पर्व को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे कपड़ों में महिलाएं अलग-अलग मोहल्लों से टोलियां बनाकर डलियों में भुजरिया लेकर निकली और उनके चारों ओर परिक्रमा कर गेंहू अर्पित किए।
महिलाओं के आगे युवाओं की टोली ने भी हर चौंक चौराहे पर ढोल और ढपलो की तान पर मनमोहक लहंगी नृत्य किया। जिसका मौजूद लोगों ने जम कर आनंद उठाया। सभी टोलियां बाजार में एकत्रित होकर बैराड़ के बड़े तालाब के घाट पहुंची जहां महिलाओं द्वारा भुजरियों को पानी में तोड़ा। इसके बाद लोगों ने मंदिरों पर पहुंच कर भगवान को भुजरियां अर्पित कर उनसे अच्छी फसल, सुख समृद्धि के साथ हमेशा कृपा बनाए रखने की कामना की। भुजरियां चढ़ाने के बाद लोगों ने एक दूसरे से भुजरियां आदान-प्रदान कर बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और छोटों को स्नेह के साथ वर्ष भर के गिले-शिकवे दूर कर मेहरबानी बनाए रखने की कामना की।
इस दौरान प्रशासन की व्यवस्था भी चाक चौबंद देखने को मिली। बैराड़ तहसीलदार दृगपाल सिंह और बैराड़ थाना प्रभारी विकाश यादव पुलिस बल सहित नगर परिषद के कर्मचारी आदि सभी इस उत्सव के दौरान व्यवस्थाओं में नजर आए। इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी तालाब पर नजर आए।