जिला अस्पताल के पिछले गेट के पास नाले में मिला नवजात का शव, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी। जिला अस्पताल के पिछले गेट के पास मंगलवार को नाले में एक नवजात बालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवजात की नाभि में कॉर्ड क्लैंप लगा होने के कारण उसके जन्म से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। हालांकि, उसका जन्म जिला अस्पताल में हुआ था या किसी अन्य स्वास्थ्य केंद्र में, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को अस्पताल के पिछले गेट के समीप स्थित नाले में नवजात का शव दिखाई देने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जानकारी में नवजात का वजन करीब 775 ग्राम बताया गया है। नाभि में कॉर्ड क्लैंप लगा मिलने के बाद पुलिस जन्म और अस्पताल से संबंधित जानकारी जुटा रही है।दो दिन में तीन नवजात की मौत, कनेक्शन की पड़तालजिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आरपी सिंह के अनुसार, नवजात का वजन काफी कम था, जिससे उसके जीवित रहने की संभावना कम हो सकती थी। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में कोलारस, सिरसौद और पिछोर क्षेत्र से संबंधित तीन नवजात की जिला अस्पताल में मौत हुई थी। उनके परिजन शव अपने साथ ले गए थे। हालांकि, नाले में मिले नवजात का इन घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी स्थितिकोतवाली थाने के एसआई सुमित शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस नवजात के माता-पिता की पहचान करने और उसके जन्म से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
