swatantrashivpuri 34

शिवपुरी: नवमीं पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, गणेश कुंड में प्रतिमा विसर्जन शुरू; मंगलवार रात निकलेगा दुर्गा चल समारोह

swatantrashivpuri 34
swatantrashivpuri 34

शिवपुरी। शारदीय नवरात्र की नवमीं पर सोमवार को शिवपुरी के मंदिरों और दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही भक्त माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर घरों और पंडालों में कन्या भोज भी आयोजित किए गए। दोपहर तक धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी रहा।

गणेश कुंड में प्रतिमाओं का विसर्जन

नवमीं की पूजा संपन्न होने के बाद माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू किया गया। नगर पालिका द्वारा गणेश कुंड पर तैयार किए गए विसर्जन कुंड में मंदिरों और छोटे दुर्गा पंडालों की प्रतिमाएं विसर्जित की गईं। व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद रही।

मंगलवार रात निकलेगा दुर्गा चल समारोह

नवरात्र उत्सव के समापन के साथ ही शहर में दुर्गा चल समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। मंगलवार रात आयोजित होने वाले इस समारोह में बड़े दुर्गा पंडालों की प्रतिमाओं के साथ आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी।

समारोह के दौरान माधव चौक पर मंच तैयार किया जाएगा। यहां विभिन्न कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन देर रात से लेकर रातभर चलने की संभावना है। इसे लेकर दुर्गा उत्सव समितियों और श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *