swatantrashivpuri 35

शाही कॉलोनी में दिनदहाड़े लूट की वारदात, घर में अकेली महिला को कमरे में बंद कर जेवर ले गए बदमाश

swatantrashivpuri 35

शिवपुरी। शहर के पोहरी रोड स्थित सेंट चार्ल्स स्कूल के सामने शाही कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, दो नकाबपोश युवक घर में दाखिल हुए और वहां मौजूद महिला को दूसरे कमरे में बंद कर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण लेकर भाग गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

सगाई समारोह के अगले दिन घर को बनाया निशाना

शांति नामदेव ने बताया कि उनका पैतृक गांव बैराड़ थाना क्षेत्र का एंचबाड़ा है। उन्होंने शिवपुरी की शाही कॉलोनी में मकान बनवाया है, जहां उनका बेटा और बहू रहते हैं। रविवार को उनके छोटे बेटे नीरज नामदेव की सगाई शहर के एक होटल में हुई थी। परिवार के अनुसार, इस आयोजन के अगले दिन घर में लूट की घटना हुई।

शांति नामदेव की बड़ी बहू मोनिका ने बताया कि घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। उनके पति कार्यक्रम के बाद गांव चले गए थे, जबकि सास, ननद और ससुर दवा लेने बाजार गए हुए थे।

मोनिका के अनुसार, इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक घर में घुसे। आरोप है कि उन्होंने उनसे अलमारी की चाबी मांगी और उन्हें दूसरे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद एक युवक दरवाजे के पास रहा, जबकि दूसरा अलमारी से आभूषण निकालने लगा। वारदात के बाद दोनों वहां से निकल गए।

शांति नामदेव के मुताबिक, अलमारी में रखे दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की तोड़ियां गायब हैं। इनमें उनकी बेटी कुंती नामदेव का हार और नीरज को एक दिन पहले सगाई समारोह में मिली अंगूठी भी शामिल बताई गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, पुलिस घटना की परिस्थितियों और परिवार की ओर से बताए गए घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *