शादी के नाम पर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश: लुटेरी दुल्हन सहित सभी आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी। पिछोर थाना पुलिस ने शादी कराने के नाम पर 99 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को हरियाणा के गुरुग्राम जिले के ग्राम चेंगोला निवासी प्रीति फोगाट ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी, शिवानी लोधी, प्राण सिंह यादव एवं उनके अन्य साथियों ने योगेंद्र का विवाह कराने का झांसा देकर फोन-पे के माध्यम से 99 हजार रुपये ले लिए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने तय स्थान पर बुलाने के बाद रास्ता रोक लिया और अतिरिक्त रुपये की मांग की। जब रकम देने से इनकार किया गया तो आरोपियों ने मारपीट की, वाहन में तोड़फोड़ की, शिवानी को अपने साथ वापस ले गए तथा पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 332/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 जुलाई 2026 को कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी निवासी प्रतापपुरा तथा शिवानी लोधी निवासी सेमरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने दोनों को उप जेल पिछोर भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक रामकिशोर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सगर सहित थाना पिछोर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
